अनुच्छेद लेखन – टेस्ट पेपर 01 | सीबीएसई कक्षा 9 हिंदी ए

अनुच्छेद लेखन – टेस्ट पेपर 01

सीबीएसई कक्षा 9 हिंदी ए

प्रश्न

  1. ‘जनसंख्या नियंत्रण’ विषय पर दिए गए संकेत बिंदुओं के आधार पर 80-100 शब्दों में अनुच्छेद लिखिए।
    • जनसंख्या वृद्धि की समस्या
    • नियंत्रण की आवश्यकता क्यों
    • नियंत्रण कैसे?
  2. ‘इंटरनेट का जीवन में उपयोग’ विषय पर दिए गए संकेत बिंदुओं के आधार पर लगभग 80 से 100 शब्दो में अनुच्छेद लिखिए।
    • इंटरनेट क्या है?
    • लाभ-समय की बचत, शिक्षा में सहायक
    • उपयोग के सुझाव
  3. ‘आलस्यः मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु’ विषय पर दिए गए संकेत बिंदुओं के आधार पर अनुच्छेद लिखिए।
    • आलस्य और मनुष्य जीवन
    • आलस्य के नुकसान
    • सफलता पाने के लिए आलस्य को त्यागना आवश्यक
  4. ‘स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत’ विषय पर अनुच्छेद लिखिए।

समाधान

  1. जनसंख्या नियंत्रण

    किसी राष्ट्र की प्रगति के लिए जनसंख्या एक महत्वपूर्ण संसाधन होती है, पर जब यह एक सीमा से अधिक हो जाती है तब यह समस्या का रूप ले लेती है। जनसंख्या वृद्धि एक ओर स्वयं समस्या है, दूसरी ओर अनेक समस्याओं को जन्म देती है। जैसे- रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, रोजगार आदि की समस्याएँ। यह किसी भी देश के विकास में बाधक होती है। यदि हमें देश को विकसित देशों की श्रेणी में लाना है तो इस पर नियंत्रण करना आवश्यक है। जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ शिक्षा का प्रसार करना होगा। सरकार को सख्त नियम बनाने होंगे। परिवार कल्याण हेतु छोटा परिवार सुखी परिवार जैसे नारे के साथ-साथ लोगों को सुविधाएं भी देनी होंगी।

  2. इंटरनेट का जीवन में उपयोग

    आज के युग में इंटरनेट का महत्त्व बहुत बढ़ गया है। यह ज्ञान का सागर है। इसकी सहायता से हमें हर तरह की जानकारी प्राप्त हो जाती है। यह आधुनिक समय में जीवन की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। इंटरनेट ने हमारे जीवन को बहुत ही आसान बना दिया है। इंटरनेट की सहायता से हम सूचना, खरीदारी, ऑनलाइन भुगतान, शिक्षा, मनोरंजन आदि बहुत से कार्य घर बैठे कर सकते हैं। इसने समय की बचत की है। इसकी सहायता से शिक्षा के क्षेत्र में भी बहुत सुधार आया है। आज हम घर बैठे ही ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। यह हमें दुनियाभर से जोड़े रखता है। हालांकि इसके कुछ नुकसान भी हैं, लेकिन यदि हम इसका सही ढंग से उपयोग करें तो यह हमारे लिए वरदान सिद्ध होगा।

  3. आलस्यः मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु

    जीवन में आलस्य मनुष्य का एक बड़ा शत्रु माना जाता है। आलसी व्यक्ति सदैव असफलता के मार्ग पर ही चलता है। आलस्य के कारण मनुष्य अपने जीवन के बहुमूल्य क्षणों को खो देता है। वह ना तो समय पर कोई काम कर पाता है और ना ही किसी भी अवसर का सही उपयोग कर पाता है। आलस्य के कारण मनुष्य का मन और शरीर दोनों अस्वस्थ रहते हैं। सफलता पाने के लिए आलस्य को त्यागना आवश्यक है। जो व्यक्ति आलस्य को त्यागता है, उसे अपने लक्ष्य को निश्चित समय में प्राप्त करने में सफलता मिलती है। जीवन में निरंतर सक्रिय रहने से मनुष्य के चेहरे और मन में स्फूर्ति बनी रहती है और बड़ी आयु होने पर भी उसका अहसास नहीं होता। आलस्य मनुष्य का एक बड़ा शत्रु माना जाता है इसलिये उससे मुक्ति पाना ही श्रेयस्कर है। कोई काम सामने आने पर उसको तुरंत प्रारंभ कर देना चाहिये यही जीवन में सफलता का मूलमंत्र है।

  4. स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत

    हम बहुत सरल और साधारण शब्दों में स्वच्छ भारत अभियान पर भाषण उपलब्ध करा रहे हैं। ये स्वच्छ भारत अभियान, सरकार द्वारा 2014 में भारत को स्वच्छ भारत बनाने के लिए शुरु किया गया था। ये भारत में सबसे बड़ा सामाजिक विषय है कि भारत में स्वच्छता की कमी के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को कैसे सुलझाया जाये। प्रिय छात्र एवं छात्राओं भारत में स्वच्छता लाने में भाग लेने के लिए स्वच्छ भारत अभियान पर भाषण अपनी जरुरत और आवश्यकता के अनुसार उपयोग करने के लिए, आप बिल्कुल सही जगह पर हो। देश का भविष्य होने के नाते, आप अपने समाज, समुदाय, स्कूलों और कॉलेजों में अपने चारों ओर साफ-सफाई की पहल करने और इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वच्छ भारत अभियान का नेतृत्व कर सकते हो। आप अपने शरीर और अपने आस पास के वातावरण को जितना साफ रखोगें उतनी सकारात्मक उर्जा अपनी ओर आकर्षित करेंगे। सिर्फ छोटे छोटे आसान से कदम उठाने हैं- कूड़े को कूड़ेदान में फेंकना, उन्हें खुले में नहीं फेंकना और खुले में शौच के लिए नहीं जाना आदि।

Scroll to Top